Home » IPS पूरन की पत्नी से सीएम ने की मुलाकात : हरियाणा DGP और रोहतक SP की होगी छुट्टी!
हरियाणा

IPS पूरन की पत्नी से सीएम ने की मुलाकात : हरियाणा DGP और रोहतक SP की होगी छुट्टी!

चंडीगढ़। मंगलवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार ने अपने घर के बेसमेंट में सर्विस गन से गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उन्हांने सुसाइड नोट भी छोड़ा था। इसमें वाई पूरन कुमार ने 15 वरिष्ठ अधिकारियों के नाम लिए हैं। दिवंगत अधिकारी की आईएएस पत्नी ने सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस को शिकायत दी है।

हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले ने पूरे राज्य के प्रशासनिक ढांचे को हिलाकर रख दिया है। मामले में अब मुख्यमंत्री नायब सैनी के हस्तक्षेप के बाद बड़े कदम उठाए जाने की तैयारी है।

सूत्रों के मुताबिक डीजीपी शत्रुजीत सिंह कपूर को छुट्टी पर भेजने का निर्णय लिया गया है, जबकि ओपी सिंह को कार्यवाहक डीजीपी बनाए जाने की संभावना है। इसी तरह रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजारनिया को भी छुट्टी पर भेजा जाएगा।

यह कदम उस शिकायत के बाद सामने आया है जो वाई पूरन कुमार की पत्नी और आईएएस अधिकारी अमनीत पी कुमार ने बुधवार को सेक्टर 11 थाना चंडीगढ़ में दर्ज कराई थी। अपनी लिखित शिकायत में उन्होंने डीजीपी हरियाणा शत्रुजीत सिंह कपूर और एसपी रोहतक नरेंद्र बिजारनिया पर अपने पति को मानसिक प्रताड़ना देने, जातिगत भेदभाव  करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

सुत्रों  की मानें तो मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आज सुबह डीजीपी कपूर से मुलाकात की थी। इसके कुछ ही घंटे बाद वह दिवंगत आईपीएस अधिकारी की पत्नी, आईएएस अमनीत पी कुमार से मिलने उनके सेक्टर 11 स्थित आवास पहुंचे। इस मुलाकात में CM ने परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया और कहा कि जांच निष्पक्ष और पूरी पारदर्शिता के साथ होगी।

सूत्रों के अनुसार डीजीपी शत्रुजीत कपूर के छुट्टी पर भेजे जाने का आदेश कभी भी जारी हो सकता है। मामला अब मुख्यमंत्री कार्यालय और गृह विभाग के सीधे संज्ञान में है।  हालांकि इस पूरे मामले में अब तक कोई FIR दर्ज नहीं की गई है।  चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत मिल चुकी है और वे कानूनी राय लेकर आगे की कार्रवाई करेंगे।

Search

Archives