यमुनानगर। व्यासपुर में न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल के पास स्पीड ब्रेकर पर ट्रैक्टर ट्राली से गिरने से घायल सात वर्षीय बच्ची की बुधवार की रात पीजीआई में मौत हो गई। वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ पंचमुखी हनुमान मंदिर बसातियांवाला से लौट रही थी।
गांव शेखपुरा निवासी सुभाष ने कुछ दिन पहले नया ट्रैक्टर खरीदा था। वह ट्रैक्टर ट्राली में परिवार के सदस्यों को लेकर मंगलवार को पंचमुखी हनुमान मंदिर बसातियांवाला में गया हुआ था। वहां से दर्शन कर सभी वापस लौट रहे थे।
सुभाष ने बताया कि जब न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे तभी अचानक से ब्रेकर पर ट्रैक्टर ट्राली उछल गई। ब्रेकर पर पट्टी भी नहीं थी। जिससे पता नहीं लग सका। ट्राली में पीछे की तरफ बैठी भतीजी मानवी अचानक से उछल गई और सड़क पर जा गिरी, जिससे वह घायल हो गई। उसे तुरंत अस्पताल में दाखिल कराया। जहां गंभीर हालत देखते हुए पीजीआइ के लिए रेफर किया गया। बुधवार को पीजीआइ में उसकी मौत हो गई। मृतका तीन बहनों में सबसे छोटी थी और चौथी कक्षा में पढ़ती थी।







