Home » मुश्किल भरे दौर से गुजर रही वाशु भगनानी की पूजा एंटरटेनमेंट, बेचनी पड़ी ऑफिस की इमारत
मनोरंजन

मुश्किल भरे दौर से गुजर रही वाशु भगनानी की पूजा एंटरटेनमेंट, बेचनी पड़ी ऑफिस की इमारत

हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के बड़े प्रोडक्शन बैनरों में से एक पूजा एंटरटेनमेंट इन दिनों बड़े वित्तीय घाटे से जूझ रही है। अब वाशु भगनानी की पूजा एंटरटेनमेंट ने एक बड़े वित्तीय झटके से उबरने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वाशु भगनानी ने पूजा एंटरटेनमेंट के अपने सात मंजिल वाले कार्यालय को एक बिल्डर को बेच दिया है।

जमीन खरीदने वाले बिल्डर की पहचान और इसे कितने में बेचा गया फिलहाल इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस इमारत को गिराकर एक आलीशान आवसीय बिल्डिंग तैयार की जाएगी। रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि वाशु ने लगभग 80% कर्मचारियों कोबाहर का रास्ता दिखा दिया है। कार्यालय को जुहू में दो बेडरूम के फ्लैट में स्थानांतरित कर दिया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार टाइगर श्रॉफ अभिनीत जगन शक्ति की फिल्म को दो साल के संघर्ष के बाद फ्लोर पर लाने के बाद जनवरी 2024 में कर्मचारियों की छंटनी शुरू हुई थी। अप्रैल में विशेष रूप से बड़े मियां छोटे मियां की रिलीज के बाद कर्मचारियों की संख्या में कंपनी की ओर से और कमी की गई थी। यह कदम बड़े मियां छोटे मियां के बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप होने के बाद उठाया गया था। 350 करोड़ की लागत से बनी इस फिल्म ने टिकट खिड़की पर  मुश्किल से 59.17 करोड़ रुपये कमाए थे।

बताया जा रहा है कि इस फिल्म से प्रोडक्शन बैनर को कम से कम 125-150 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। सूत्रों का कहना है कि वाशु ने कई फाइनेंसरों को लगभग 250 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने के लिए इमारत बेच दी है।

हालांकि, सूत्रों का दावा है कि इन वित्तीय संकट के बाद भी पूजा एंटरटेनमेंट बंद नहीं हो रही है। कहा जा रहा है कि वाशु शाहिद कपूर की अश्वत्थामा परियोजना के साथ आगे बढ़ रहे हैं जिसकी घोषणा उन्होंने कुछ महीने पहले ही की थी।

Search

Archives