साउथ के अभिनेता प्रकाश राज ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के कथित अवैध प्रचार के सिलसिले में 30 जुलाई को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश हुए। हैदराबाद में साइबराबाद पुलिस की तरफ से दर्ज की गई एक प्राथमिकी के आधार पर दर्ज किए गए मामले में 29 हस्तियों में उनका नाम भी शामिल है।
2016 का है मामला- एफआईआर में कई अभिनेताओं और प्रभावशाली लोगों पर ऑनलाइन विज्ञापनों के जरिए सट्टेबाजी ऐप्स का प्रचार करने का आरोप लगाया गया है। प्रकाश राज कथित तौर पर ‘जंगली रमी’ नाम के एक गेमिंग ऐप से जुड़े थे, जिसका उन्होंने 2016 में प्रचार किया था। हालांकि, अभिनेता ने स्पष्ट किया है कि 2017 में यह एहसास होने के बाद कि यह गलत था, उन्होंने इस विज्ञापन से हाथ खींच लिया। इसके बाद से उन्होंने किसी भी गेमिंग ऐप का प्रचार नहीं किया है।
केस से जुड़े हैं कई कलाकार- ED मशहूर हस्तियों से जुड़े वित्तीय लेनदेन और डिजिटल लेनदेन की जांच कर रहा है। तलब किए गए लोगों में अभिनेता विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती, मांचू लक्ष्मी, निधि अग्रवाल, अनन्या नागल्ला और टेलीविजन एंकर श्रीमुखी शामिल हैं।
ईडी ने दूसरी हस्तियों को भी बुलाया- इस मामले में अभिनेता राणा दग्गुबाती को 23 जुलाई को पेश होने के लिए कहा गया था। उन्होंने व्यस्त होने का हवाला देते हुए और समय मांगा है। एजेंसी ने उन्हें 13 अगस्त को पेश होने को कहा है। मंचू लक्ष्मी को भी 13 अगस्त को पेश होना है। विजय देवरकोंडा को 6 अगस्त को बुलाया गया है।
यह जांच कई कानूनों के तहत दर्ज आरोपों के बाद हो रही है। ये मामले धोखाधड़ी गतिविधि और ऑनलाइन धोखे से संबंधित हैं।







