Home » ‘राजा शिवाजी’ सिनेमाघरों में हुई रिलीज : दर्शकों और समीक्षकों के बीच देखा जा रहा भारी उत्साह
मनोरंजन

‘राजा शिवाजी’ सिनेमाघरों में हुई रिलीज : दर्शकों और समीक्षकों के बीच देखा जा रहा भारी उत्साह

तरण आदर्श ने फिल्म को ‘पावर-पैक’ बताते हुए 4.5 रेटिंग दी

छत्रपति शिवाजी महाराज के अदम्य साहस की यह गाथा दर्शकों के दिलों में देशभक्ति का ज्वार पैदा कर रही

मराठी सिनेमा के इतिहास में साल 2026 की सबसे मच अवेटेड फिल्म ‘राजा शिवाजी’ आखिरकार 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। रितेश देशमुख के निर्देशन और अभिनय से सजी इस ऐतिहासिक फिल्म को लेकर दर्शकों और समीक्षकों के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है। फिल्म की रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है, जहां लोग इसे भारतीय सिनेमा का एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बता रहे हैं। स्वराज्य की स्थापना और छत्रपति शिवाजी महाराज के अदम्य साहस की यह गाथा दर्शकों के दिलों में देशभक्ति का ज्वार पैदा कर रही है।

प्रसिद्ध ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने फिल्म को ‘पावर-पैक’ बताते हुए 4.5 रेटिंग दी है। उन्होंने रितेश देशमुख के निर्देशन की सराहना करते हुए इसे भारत के सबसे महान योद्धा राजाओं में से एक को एक भव्य श्रद्धांजलि करार दिया। तरण के अनुसार रितेश ने इतने संवेदनशील और महान विषय को न केवल आत्मविश्वास के साथ संभाला है, बल्कि पर्दे पर उसे पूरी भव्यता और शुद्धता के साथ उतारा भी है। फिल्म की कहानी में भव्यता के साथ-साथ भावनात्मक गहराई भी है, जो दर्शकों को गौरवान्वित महसूस कराती है।

तरण आदर्श का रिएक्शन

फिल्म को लेकर तरण आदर्श ने लिखा, ‘पावर पैक्ड, रेटिंग 4.5, भारत के सबसे महान योद्धा को शानदार ट्रिब्यूट, छत्रपति शिवाजी महाराज, डायरेक्टर रितेश देशमुख ने एक लैंडमार्क फिल्म बनाई है, न करें मिस।’ इसके अलावा उन्होंने फिल्म की जमकर तारीफ की। एक और शख्स ने लिखा, ‘रितेश देशमुख फिल्म का सबसे बड़ा अट्रैक्शन हैं। उन्होंने जान लगा दी है। संजय दत्त और अभिशेक बच्चन कमाल हैं, वॉर सीन मेजर हाइलाइट है, मराठी फिल्म इंडस्ट्री में पहली बार ऐसा वॉर एक्शन देखने को मिला।’

रितेश का करियर-बेस्ट परफॉर्मेंस

फिल्म में रितेश देशमुख ने छत्रपति शिवाजी महाराज की मुख्य भूमिका निभाई है। दर्शकों का मानना है कि यह उनके करियर का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। उन्होंने महाराज के विजन, उनके नेतृत्व और उनके तेज को बखूबी आत्मसात किया है। वहीं महारानी सईबाई के रूप में जेनेलिया देशमुख ने कहानी में गहराई जोड़ी है। संजय दत्त और अभिषेक बच्चन ने प्रतिपक्षी के रूप में एक मजबूत और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस दी है, जिससे फिल्म का तनाव और रोमांच बना रहता है। इसके अलावा फिल्म में महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर और भाग्यश्री जैसे दिग्गज कलाकारों की मौजूदगी ने इसे और भी खास बना दिया है।

Search

Archives