हॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ का हिंदी पोस्टर मंगलवार को काशी में जारी किया गया। 9 दिसंबर की शाम काशी के घाटों पर एक खास आयोजन हुआ, जहां हॉलीवुड फिल्म ‘अवतार’ के नए भाग ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ का नाम देवनागरी टाइटल में लोगों के सामने रखा गया। गंगा किनारे हुए इस कार्यक्रम में डांस, संगीत और रोशनी के जरिए फिल्म की थीम को दिखाया गया।
शाम होते ही घाट पर मंच तैयार था। धीरे-धीरे लोग कार्यक्रम देखने पहुंचने लगे। सबसे पहले काशी को समर्पित एक छोटी सांस्कृतिक प्रस्तुति हुई। इसके बाद डांस आर्टिस्ट ने आग और राख की थीम पर आधारित डांस पेश किया। डांस के जरिए फिल्म की थीम दिखाने की कोशिश की गई। साथ में बज रहे संगीत ने माहौल को और असरदार बना दिया।
दीपों और रोशनी से सजा क्रार्यक्रम : नृत्य खत्म होने के बाद दीपों और रोशनी के बीच ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ का नाम देवनागरी लोगो में दिखाया गया। जैसे ही यह नाम सामने आया, घाट पर तालियां गूंज उठीं। यह पहली बार है जब ‘अवतार’ फिल्म टाइटल देवनागरी लिपि में इस तरह सामने रखा गया है।
पहली बार हुआ इस तरह से कार्यक्रम : काशी में हुआ यह आयोजन इसलिए भी खास रहा क्योंकि यहां पहली बार किसी बड़ी विदेशी फिल्म के नाम को देवनागरी लोगो में इस तरह सार्वजनिक किया गया। घाट पर पहुंचे लोगों के लिए यह एक अलग तरह का अनुभव रहा, जहां फिल्म और संस्कृति एक साथ दिखाई दी।
भारत में कब रिलीज होगी फिल्म? : ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ 19 दिसंबर को भारत में रिलीज होगी। यह फिल्म हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषा में सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी। फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।







