मुंबई में ‘रेड लॉरी फिल्म फेस्टिवल’ शुरू हो चुका है। यह 13 से 15 मार्च तक चलेगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए कई फिल्मी सितारे पहुंचे हैं। इसमें कई फिल्मों की स्क्रीनिंग होने वाली है। आज इस फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर ‘लगान’ की स्क्रीनिंग के लिए सुपरस्टार आमिर खान नजर आए। उनके साथ आशुतोष गोवारिकर हैं।
फेस्टिवल में फिल्म ‘लगान’ की स्क्रीनिंग 25वीं सालगिरह के मौके पर हो रही है। इसमें आमिर खान, डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर के अलावा फिल्म की ओरिजिनल कास्ट और क्रू के सदस्य भी शामिल हो रहे हैं।
खबर है कि फेस्टिवल में आमिर के अलावा जोया अख्तर, अली फजल और हुमा कुरैशी के आने की उम्मीद है। इसमें स्वप्निल जोशी, बिजॉय नांबियार, मुकेश छाबड़ा, राम गोपाल वर्मा और श्रीराम राघवन भी शामिल हो सकते हैं। इस आयोजन का उद्देश्य फिल्मों की स्क्रीनिंग और इंडस्ट्री के जाने-माने नामों के साथ बातचीत के माध्यम से वैश्विक सिनेमा का जश्न मनाना है।
‘शिवा’ और ‘भूत’ की होगी स्क्रीनिंग : फेस्टिवल में ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हुई फिल्म ‘लगान’ के अलावा राम गोपाल वर्मा की दो फिल्में ‘शिवा’ और ‘भूत’ की खास स्क्रीनिंग होगी।
ये कलाकार भी होंगे शामिल : अली फजल ‘डेथ ऑन द नील’ की स्क्रीनिंग में शामिल होंगे। इस फिल्म को मशहूर लेखिका अगाथा क्रिस्टी की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत किया जाएगा। फेस्टिवल में फिल्ममेकर जोया अख्तर, डायरेक्टर तायरा मालानी के साथ मिलकर डॉक्यूमेंट्री ‘टर्टल वॉकर’ पेश करेंगी। श्रीराम राघवन फिल्म ‘नाइट क्रीचर्स’ की स्क्रीनिंग से जुड़े एक खास सेशन में हिस्सा लेंगे। यह फिल्म उसी साहित्यिक स्रोत पर आधारित है जिसे उन्होंने अपनी फिल्म ‘मेरी क्रिसमस’ के लिए भी इस्तेमाल किया था।







