दुर्ग। जिले के भिलाई में रंगोली पर बाइक चढ़ाने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के तेल्हानाला बस्ती के पास दो युवकों पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें एक की मौके पर मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के अनुसार घटना तेल्हानाला बस्ती के पास नेशनल हाईवे किनारे की है। आरोपी रविंद्र और राजेश की भांजी ने घर के सामने रंगोली बनाई थी। इस पर मंगल सिंह और उसका साथी तुषार वर्मा बाइक चढ़ा दिए थे। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ, जो कुछ देर बाद शांत हो गया।
हालांकि, बाद में मंगल सिंह और तुषार वर्मा दोबारा विवाद करने पहुंचे। उसी दौरान चाकू से हमला करने की कोशिश हुई, लेकिन आरोपियों रविंद्र और राजेश ने चाकू छीनकर दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना में मंगल सिंह की मौके पर मौत हो गई, जबकि तुषार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। दुर्ग शहर के एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि दोनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच चल रही है।







