नई दिल्ली। यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर हो गया है। इससे दिल्लीवासियों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। दिल्ली के पुराने रेलवे ब्रिज पर मंगलवार को यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बढ़कर 205.39 मीटर तक पहुंच गया है। केंद्रीय जल आयोग ( सीडब्ल्यूसी) के आंकड़ों के अनुसार जल स्तर में लगातार वृद्धि देखी जा रही है जो मंगलवार की रात 10 बजे खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर 205.39 मीटर हो गया।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण नदी के जल स्तर में तेजी से इजाफा हुआ है। शाम छह बजे पुराने रेलवे ब्रिज पर जलस्तर 204.94 मीटर था। सीडब्ल्यूसी के अनुसार दिल्ली में दोपहर तीन बजे यमुना का जलस्तर चेतावनी स्तर 204.5 को पार कर गया और जलस्तर 204.57 मीटर हो गया।







