नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मंगलवार सुबह 11.30 बजे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्धारित बजट पेश करने से कुछ घंटे पहले यह हड़कंप मचा। ईमेल में दिल्ली विधानसभा, स्पीकर और विधानसभा मेट्रो स्टेशन को उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी सुबह 7.28 बजे विधानसभा को भेजे गए एक ईमेल के जरिए मिली, जिसके बाद सुबह 7.49 बजे स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को एक और ईमेल भेजा गया।
ईमेल में LG तरनजीत संधू, प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, फॉरेन मिनिस्टर जयशंकर और साथ में दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का भी नाम है। धमकी मिलने के तुरंत बाद सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। एक पुलिस सूत्र ने बताया कि हमने परिसर के अंदर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सूत्र ने आगे बताया कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है, जबकि तोड़फोड़-रोधी गहन जांच भी जारी है।
सीएम रेखा गुप्ता ने पेश किया दिल्ली का बजट : धमकियों के बावजूद दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने विधानसभा में बजट पेश किया। इस बार दिल्ली का बजट तकरीबन 1 लाख 10 हजार करोड़ का है। रेखा गुप्ता ने दूसरी बार दिल्ली का बजट पेश किया है। बजट पेश करने के दौरान कई बड़े ऐलान किए गए हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च के लिए PWD को 5921 करोड़, शहरी विकास के लिए 7887 करोड़, युमनापार के लिए 300 करोड़, झुग्गी के विकास लिए 800 करोड़, ग्रामीण विकास के लिए 787 करोड़, डेवलपमेन्ट डिपार्टमेंट के लिए 914 करोड़ का आवंटन किया गया है।
चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 475 करोड़ का बजट रखा गया है। दिल्ली में वाटर लॉगिंग के समाधान के लिए नया ड्रेनेज मास्टर प्लान लाया गया है। 610 करोड़ का बजट वाटर लॉगिंग से निपटारा पाने के लिए इरिगेशन डिपार्टमेंट को दिया गया। इसके अलावा 50 करोड़ की लागत से फ्लड प्रोटेक्शन वाल बनाने का निर्णय लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को 12746 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है।







