Home » एआई इंपैक्ट समिट में ‘शर्टलेस प्रदर्शन’ मामला : शिमला से गिरफ्तार तीन आरोपियों को दिल्ली की अदालत में किया गया पेश, पुलिस हिरासत में भेजे गए
दिल्ली-एनसीआर

एआई इंपैक्ट समिट में ‘शर्टलेस प्रदर्शन’ मामला : शिमला से गिरफ्तार तीन आरोपियों को दिल्ली की अदालत में किया गया पेश, पुलिस हिरासत में भेजे गए

AI Summit Case: दिल्ली पुलिस हिमाचल प्रदेश से यूथ कांग्रेस के नेता सौरभ, अरबाज और सिद्धार्थ को लेकर दिल्ली आई। पुलिस दोपहर बाद इनको दिल्ली की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने तीनों को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। फिलहाल दिल्ली पुलिस, हिमाचल प्रदेश पुलिस के खिलाफ किसी तरह की एफआईआर करने की बात से इनकार कर रही है।

पिछले सप्ताह एआई इंपैक्ट समिट में ‘शर्टलेस प्रदर्शन’ के मामले में गिरफ्तार तीन यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर दिल्ली पुलिस की टीम गुरुवार को शिमला पुलिस के साथ 24 घंटे चले ड्रामेटिक टकराव के बाद राष्ट्रीय राजधानी लौट आई। अधिकारी ने कहा कि तीनों आरोपी सौरभ, सिद्धार्थ और अरबाज को आगे की कार्रवाई और पुलिस रिमांड के लिए स्थानीय अदालत में पेश किया गया।

यह गिरफ्तारी 20 फरवरी को भारत मंडपम में हुए प्रदर्शन के संबंध में दर्ज एफआईआर के तहत की गई थी। पुलिस के अनुसार, अब तक प्रदर्शन के संबंध में कुल 12 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

अब तक का पूरा अपडेट :  दरअसल, शिमला स्थित अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम-II) की अदालत ने दिल्ली पुलिस द्वारा शिमला जिले के रोहड़ू से गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर भेजा, जिसके बाद तीनों आरोपी सौरभ, अरबाज और सिद्धार्थ को रात करीब एक बजे एसीजेएम-II एकांश कपिल के आवास न्यायालय में पेश किया गया, जहां दिल्ली पुलिस की ट्रांजिट रिमांड की याचिका पर सुनवाई हुई और उसे स्वीकार कर लिया गया। वहीं मेडिकल जांच के बाद तीनों आरोपियों को अंबाला सिविल अस्पताल से ले जाया गया।

तीन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जिला शिमला के रोहड़ू से पकड़कर ले जा रही दिल्ली पुलिस की टीमों को हिमाचल प्रदेश पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बिना सूचना कांग्रेस शासित हिमाचल पहुंची दिल्ली पुलिस के करीब 20 अधिकारियों-कर्मचारियों की तीन गाड़ियों को शिमला के शोघी और सोलन के धर्मपुर में नाके लगाकर रोक लिया गया।

दिनभर हाई वोल्टेज ड्रामे व तनातनी के बाद देर शाम दिल्ली पुलिस फिर तीनों कार्यकर्ताओं को लेकर रवाना हुई, लेकिन शिमला पुलिस ने उन्हें फिर शोघी नाके पर रोक लिया। देर रात तक टकराव की स्थिति बनी रही। इस दाैरान  दोनों तरफ से खूब बहसबाजी हुई। हिमाचल पुलिस ने तीन लोगों को अगवा करने का आरोप लगाते हुए दिल्ली पुलिस टीम को उनपर दर्ज एफआईआर की प्रति दिखाई और मामले में सहयोग की अपील की।

Search

Archives