नई दिल्ली। जम्मू में चक्की नदी में आई बाढ़ और मिट्टी धंसने से रेल यातायात पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। उत्तरी रेलवे ने जानकारी दी कि रेल ट्रैक को हुए नुकसान के कारण कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है, जबकि कई को बीच में ही रोककर गंतव्य बदलना पड़ा है। इस आपदा के चलते उत्तर भारत से जम्मू-कश्मीर जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तर रेलवे के मुताबिक अब तक 65 ट्रेनों को रद्द किया गया है। इनमें दिल्ली, वाराणसी, कानपुर, अजमेर, पुणे, गुवाहाटी और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों से जम्मू तवी और श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली गाड़ियां शामिल हैं। 46 ट्रेनों का गंतव्य बदल दिया गया है यानी उन्हें बीच के स्टेशनों पर ही रोक दिया गया। इसके अलावा 24 ट्रेनें अपने तय प्रारंभिक स्टेशन से नहीं चलेंगी, बल्कि बीच के बड़े स्टेशनों से शुरू की जाएंगी।







