Home » रायपुर में सीएम हाउस के पास युवक पर चाकू से हमलाकर 15 हज़ार की लूट
छत्तीसगढ़

रायपुर में सीएम हाउस के पास युवक पर चाकू से हमलाकर 15 हज़ार की लूट

रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सीएम हाउस के पास लूट और हमले की घटना सामने आई है। बदमाशों ने एक युवक को घेरकर उससे नकदी लूट ली और विरोध करने पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक के चेहरे और नाक पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित डेनियल मसीही, जो राजा तालाब शिव मंदिर के पास रहते हैं, कांकेर रोड स्थित वेज बस में सुपरवाइजर के रूप में काम करते हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह अपने काम से लौट रहे थे। इसी दौरान सीएम हाउस के पास अचानक पांच युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें घेर लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने पहले डेनियल मसीही से मारपीट शुरू कर दी और फिर उनसे नकदी छीनने लगे। विरोध करने पर आरोपियों में से एक ने जेब से चाकू निकालकर उनके चेहरे पर वार कर दिया। चाकू के हमले से पीड़ित की नाक और चेहरे पर गंभीर चोट लग गई और वह घायल हो गए। हमले के बाद बदमाश पीड़ित के पास रखे करीब 15 हजार रुपए लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक की मदद की और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पीड़ित ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। वहीं घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Search

Archives