जगदलपुर के भानपुरी थाना क्षेत्र के केशरपाल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक युवक के घर से भारी मात्रा में अवैध गांजा जब्त किया है। यह गांजा एक नीले रंग के ड्रम में छिपाकर रखा गया था।
भानपुरी थाना प्रभारी हर्ष धुरंधर के अनुसार 7 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम केशरपाल के आवासपारा में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा बिक्री के लिए रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक टीम गठित की और बताए गए स्थान पर दबिश दी। टीम ने घेराबंदी कर संदेही किशोर बघेल को पकड़ा। किशोर बघेल 36 वर्ष का है और केशरपाल आवासपारा का निवासी है। उसके घर की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान घर के कमरे में रखे नीले प्लास्टिक ड्रम के अंदर गांजा मिला। कुल 33.25 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 16,62,500 रुपये है। आरोपी किशोर बघेल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।







