लंबे समय से स्कूल नहीं आ रही थी
कवर्धा। ड्यूटी पर लंबे समय से स्कूल नहीं आने वाली शिक्षिका को डीईओ ने आखिरकार बर्खास्त कर दिया है। डीईओ की कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। ऐसे शिक्षक जो स्कूल नहीं आ रहे है, उनके बीच खलबली मच गई है।
जिले का नया शिक्षा अधिकारी एमआर वर्मा को बनाया गया है। डीईओ का कार्य भार संभालते ही डीईओ वर्मा लगातार स्कूल से जुड़ी शिकायतों को देख रहे हैं। इसी बीच शिकायत मिली कि सोनपुर प्राथमिक शाला में पढ़ाने वाली एक शिक्षिका लंबे समय से स्कूल नहीं आ रही है। शिकायत मिलते ही डीईओ ने इसकी जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि सोनपुर प्राथमिक शाला में पढ़ाने वाली सहायक शिक्षिका एलबी ममता कुमार साहु लंबे समय से स्कूल नहीं आ रही है। शिक्षिका के स्कूल नहीं आने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसका असर बच्चों के परीक्षा परिणाम पर पड़ रहा है। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद शिक्षिका ममता साहू को बर्खास्त कर दिया गया।
शिकायत व रजिस्टर से मिली जानकारी के अनुसार शिक्षिका ममता साहू जून 2019 से आज तक विद्यालय में अनुपस्थित चल रही है। डीईओ ने स्पष्टीकरण मांगा। यहां तक कि 28 अप्रैल 2025 को नोटिस भी थमाया गया। नोटिस मिलते ही शिक्षिका ने बीमारी का बहाना बनाते हुए मेडिकल सर्टिफिकेट पेश किया, लेकिन जांच में प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया। शिक्षा विभाग में नियमों के अनुसार 3 साल से अधिक समय तक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थिति पर सरकारी सेवा से बर्खास्तगी का प्रावधान है। इसी आदेश का पालन करते हुए डीईओ वर्मा ने 20 अगस्त 25 को बर्खास्तगी का आदेश जारी किया है। डीईओ ने कहा कि मनमानी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।







