बिलासपुर। शहर में एक स्कार्पियो पर पुलिस लिखकर बाउंसरों के घूमने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जप्त कर लिया। साथ ही इसमें सवार लोगों को हिरासत मे लेकर पूछताछ की जा रही है।
एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि वायरल वीडियो मे दो महिला बाउंसर समेत कुल आठ लोग स्कार्पियों में सवार दिखाई दे रहे हैं। वाहन के आगे और पीछे शीशे पर पुलिस लिखा हुआ था, जिससे आम लोगों में भ्रम की स्थिति बन रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने जांच के निर्देश दिए। निर्देश के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियों में दिख रहे नरेंद्र जैन को तखतपुर क्षेत्र से पकड़कर थाने लाया। पूछताछ में सामने आया कि संबंधित स्कार्पियो वाहन कुछ समय पहले पुलिस विभाग में किराए पर लगाया गया था। लेकिन बाद में निजी उपयोग में लिया जाने लगा। इस दौरान पुलिस का चिन्ह नहीं हटाया गया।
पुलिस के अनुसार वाहन सीजी 11एडी 7866 के मालिक वीरेन्द्र जैन द्वारा कपटपूर्वक पुलिस का टैग लगाकर वाहन का उपयोग किया जा रहा था। इस संबंध में रक्षित केंद्र वाहन शाखा से प्राप्त आवेदन के आधार पर थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया। प्रार्थी आरक्षक टिकेश कुमार की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धारा 205 और 347 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि निजी वाहनों पर पुलिस लिखकर चलाना कानूनन अपराध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







