बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुबन नारियल कोठी स्थित शासकीय अंग्रेजी शराब दुकान में बीती रात अज्ञात चोर ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरी की घटना का खुलासा तब हुआ जब दुकान सुपरवाईजर मिनेश कुमार दिनकर निवासी अशोक बिहार 28 सितंबर की सुबह रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे।
सुपरवाइजर ने बताया कि 27 सितंबर की रात करीब 10 बजे तक दुकान बंद कर कर्मचारी घर चले गए थे। अगले दिन सुबह दुकान खुलने पर पता चला कि दुकान का रोशनदान टूटा हुआ है। संदेह होने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें रात करीब 11.34 बजे एक अज्ञात व्यक्ति को रोशनदान तोड़कर दुकान के अंदर घुसते हुए देखा गया। चोर ने अंदर प्रवेश कर कैश काउंटर में रखे 68,780 रूपए नकद और अंग्रेजी शराब की कई बोतलें चोरी कर ली।
चोरी गई शराब की कीमत कुल कीमत 7,220 रूपए आंकी गई है। सुपरवाइजर ने इसकी सूचना आबकारी विभाग को दी। तब थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305, 331 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि जिस समय चोरी हुई उस दौरान दुकान बंद थी। सुरक्षा का जिम्मा कर्मचारियों के जाने के बाद खाली रह गया था। लगातार हो रही चोरी से दुकान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।







