Home » बेलगहना यार्ड की कॉमन लूप लाइन में डीजल इंजन के दो पहिए पटरी से उतरे
छत्तीसगढ़

बेलगहना यार्ड की कॉमन लूप लाइन में डीजल इंजन के दो पहिए पटरी से उतरे

बिलासपुर। मंगलवार की रात बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत कटनी रूट पर बड़ा रेल हादसा टल गया। बेलगहना यार्ड की कॉमन लूप लाइन नंबर-4 पर रात लगभग 9ः30 बजे एक डीजल इंजन के दो पहिए पटरी से उतर गए। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन रेल यातायात घंटों तक प्रभावित रहा और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

घटना के बाद रेल अधिकारियों ने तुरंत सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए पूरे ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी। इससे दुर्ग-अंबिकापुर एक्सप्रेस, दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस और दुर्ग-कानपुर एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर रोक दी गईं। कुछ ट्रेनें भाठापारा, निपनिया, तिल्दा और उसलापुर स्टेशनों पर खड़ी रहीं, जबकि कटनी और शहडोल की दिशा से आने वाली गाड़ियां भी अलग-अलग स्टेशनों पर थमी रहीं। अचानक हुई इस स्थिति से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।

रेलवे प्रशासन ने तुरंत यात्रियों की सुविधा के लिए प्रभावित स्टेशनों पर हेल्प बूथ स्थापित किए। इन बूथों के माध्यम से यात्रियों को ट्रेनों की वर्तमान स्थिति, देरी और संभावित संचालन समय की जानकारी दी जाती रही। वहीं, बुजुर्ग और महिलाओं के लिए पानी व प्राथमिक सहायता की व्यवस्था भी की गई।

जैसे ही घटना की खबर बिलासपुर जोन मुख्यालय पहुंची, रेलवे इंजीनियरिंग विभाग और राहत दल मौके के लिए रवाना हुआ। देर रात तक राहत और मरम्मत कार्य चलता रहा। रेलवे कर्मचारियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद डीजल इंजन को पुनः पटरी पर चढ़ा दिया। इसके बाद ट्रैक की पूरी तरह से जांच की गई और सुरक्षित पाए जाने पर धीरे-धीरे ट्रेनों की आवाजाही बहाल की गई।

इस घटना के कारण यात्रियों की रात काफी कठिन रही। कई लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। खासकर लंबी दूरी की ट्रेनों के यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, रेलवे प्रशासन ने दावा किया कि स्थिति पर पूरी तरह से नियंत्रण रखा गया और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।

Search

Archives