बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम दरचुरा के पास अंबिकापुर से रायपुर जा रही यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बस चालक, हेल्पर और एक यात्री की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। एक यात्री का पैर कटकर अलग होने की भी जानकारी सामने आई है।
यह हादसा सुबह करीब 5.30 बजे सिमगा थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुआ। बताया गया कि नेशनल हाईवे पर एक ट्रक खराब होने के कारण खड़ा था। ट्रक के पास सुरक्षा के लिए स्टॉपर भी लगाया गया था। इसी दौरान अंबिकापुर से रायपुर जा रही रॉयल कंपनी की बस (सीजी04 एनएम 0859) पीछे से ट्रक से टकरा गई। बस में हादसे के समय 22 यात्री सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
गैस कटर से काटनी पड़ी बस की बॉडी
टक्कर के बाद कुछ यात्री बस के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए बचाव दल को गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बस से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से सिमगा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
ड्राइवर, हेल्पर और यात्री की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जशपुर निवासी बस चालक भागीरथी यादव (37), बलरामपुर निवासी हेल्पर पवन देवांगन (24) और बलरामपुर निवासी यात्री समीम मोहम्मद (39) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
7 गंभीर घायलों को रायपुर किया गया रेफर
सिमगा थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के मुताबिक, हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सात गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का भी इलाज कराया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।







