Home » टीआई ने महिला को पट्टे से मारा, फरार पति व देवर को छिपाने का लगाया आरोप, जानें पूरा मामला
छत्तीसगढ़ बिलासपुर

टीआई ने महिला को पट्टे से मारा, फरार पति व देवर को छिपाने का लगाया आरोप, जानें पूरा मामला


बिलासपुर।
फरार पति व देवर को छिपाने का आरोप लगाकर टीआई द्वारा महिला की पट्टे से पिटाई करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला इसकी शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंची। मामले की जांच कर टीआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कोनी निवासी अमरीका बाई सोमवार को शिकायत लेकर एसपी कार्यालय पहुंची थी। महिला ने बताया कि पति मुकेश कांत हत्या का सजायाफ्ता कैदी है। वह जेल से पैरोल में बाहर आया था, फिर फरार हो गया। वहीं देवर भी जेल से पैरोल में आया और नौ-दो-ग्यारह हो गया। फरार दोनों आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही थी। महिला का आरोप है कि पुलिस तीन दिन पहले गांव आई थी और उसे पकड़कर थाना ले आई। तीन दिनों तक महिला को मस्तूरी थाना में रखा गया वहीं पूछताछ में टीआई ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में महिला के हाथ, पैर सहित अन्य जगहों पर अंदरूनी चोट आई है। महिला का आरोप है कि टीआई प्रकाश कांत ने उसके साथ मारपीट की है। महिला ने मामले की जांच कर टीआई के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

0 चाचा का किया था हत्या
वर्ष 2011 में पारिवारिक विवाद के चलते महिला के पति मुकेश कांत और देवर लोकेश कांत ने अपने चाचा की हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था। वर्ष 2019 में मुकेश पैरोल में बाहर आया था। वहीं, महिला का देवर लोकेश भी कोरोना काल के दौरान पैरोल पर छूटा था और इसके बाद दोनों फरार थे।

0 झूठा आरोप लगा रही महिला : टीआई
इधर टीआई प्रकाश कांत का कहना है कि एक सप्ताह पहले महिला के देवर को पुलिस ने चकरभाठा क्षेत्र के कनेरी से पकड़ा था। इस दौरान सायबर सेल से जानकारी मिली कि महिला पति के संपर्क में है। लिहाजा महिला को पूछताछ के लिए थाना लाया गया और रायपुर के तिल्दा से उसके पति को भी गिरफ्तार कर लिया गया। टीआई का कहना है कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद महिला अब झूठा आरोप लगा रही है, उसके साथ कोई मारपीट नहीं हुई है। वहीं शिकायत लेकर एसपी ऑफिस पहुंची महिला की शिकायत को एसपी ने नहीं सुना। साथ ही उसने महिला से कहा कि उसने फरार पति व देवर को पनाह देकर रखी थी। आरोपी को संरक्षण देने के आरोप में उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Search

Archives