दुर्ग। कोतवाली थाना अंतर्गत दो गुटों के बीच देर रात चाकूबाजी का मामला सामने आया है। घटना में एक की मौत हो गई है वहीं दूसरे भाई की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्ग चंडी मंदिर के पास देर रात करीब 11-12 बजे के बीच चाकूबाजी की घटना हुई है। बजरंग नगर कंडरापारा दुर्ग निवासी गजेन्द्र विश्वकर्मा 20 वर्ष घर के पास में ही बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान वहां मोहल्ले का रहने वाला राकेश साहू अपने भाई अजय और घनश्याम साहू के साथ वहां पहुंचा। उसने अपने हाथ में चाकू रखा था। तीनों भाईयों ने गजेंद्र से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर गजेन्द्र को बचाने उसकी मां द्रुपति और भाई रमेश पहुंचे। बीच-बचाव के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि अजय और उसके भाईयों ने मिलकर द्रुपति के सामने ही उसके दोनों बेटों को चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इसमें चाकू का एक वार गजेंद्र की सीने में जा घुसा। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल दाखिल कराया। ईलाज के दौरान एक ने दम तोड़ दिया वहीं दूसरे भाई की हालत गंभीर बताई जा रही है जिनका ईलाज अस्पताल में जारी है। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद फरार तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीएसपी वैभव बैंकर ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले किसी बात को लेकर मामूली विवाद हुआ था। इसी रंजिश को लेकर आरोपी पक्ष ने गजेंद्र विश्वकर्मा पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में तीनों भाईयों के खिलाफ हत्या का जुर्म दर्ज कर लिया है।







