बालोद जिले के सत्र न्यायालय भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस धमकी के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।
धमकी मिलने के बाद न्यायालय परिसर और आसपास के इलाकों में चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। जयस्तंभ चौक को चारों तरफ से सील कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षाकर्मी हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रख रहे हैं।
कोर्ट परिसर खाली कराया : बालोद जिला कोर्ट में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और बम स्क्वॉड की टीम पूरे परिसर की बारीकी से जांच कर रही है। सुरक्षा कारणों से कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया है और मौजूद लोगों को बाहर भेज दिया गया। इसके अलावा आसपास के इलाके में लोगों की आवाजाही पर भी अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 24 फरवरी को बिलासपुर हाईकोर्ट और बलौदाबाजार जिला कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस दिन सुबह एक ई-मेल के जरिए हाईकोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गई थीं और दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।







