Home » जेल से फरार तीसरा कैदी दशरथ भी पकड़ाया
छत्तीसगढ़

जेल से फरार तीसरा कैदी दशरथ भी पकड़ाया

कोरबा। जिला जेल की दीवार फांदकर 2 अगस्त को फरार होने वाले चार आरोपियों में से तीसरे की भी गिरफ्तारी हो गई है। इससे पहले कल मंगलवार को दो आरोपी राजा कंवर व सरना सिंकू रायगढ़ जिले से गिरफ्तार किए गए थे। तीसरा फरार बंदी दशरथ सिदार पिता प्रताप सिंह सिदार उम्र 19 वर्ष, साकिन पोडीबहार नीचे मोहल्ला को आज कोरबा कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिए जाने की खबर है।

बताया जा रहा है कि वह गिरफ्त में आने से बचने के लिए कोरबा से बाहर जाने की तैयारी कर रहा था। मुखबिर की सूचना के आधार पर व तकनीकी तौर पर की जा रही पतासाजी से मिले सुराग के जरिए उसे शहर छोड़ कर भागने से पहले दबोच लिया गया। चौथे आरोपी चन्द्रशेखर राठिया पिता सूरज प्रसाद राठिया उम्र 20 वर्ष, साकिन कमतरा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ की तलाश जारी है। दावा है कि वह भी देर-सबेर पकड़ लिया जाएगा। याद रहे जेल से बंदियों के फरार होने के मामले में जेल विभाग ने एक जेलर विद्यानंद सिंह व तीन प्रहरियों को निलंबित कर बिलासपुर अटैच किया है।

Search

Archives