बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पचपेड़ी में शुक्रवार को जमीन विवाद ने उग्र रूप ले लिया, जहां दो पक्षों के बीच तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में ही जमकर मारपीट हो गई। घटना के दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर ईट, पत्थर और डंडों से हमला किया। जिससे कई लोग घायल हो गए।
पहले पक्ष की ओर से प्रार्थी निर्मला देवी अंचल ने शिकायत दर्ज कराई है कि उरभिट्ठी तालाब के पास स्थित उनकी जमीन पर तहसीलदार पचपेड़ी अपने स्टाफ के साथ बेदखली कार्रवाई करने पहुंची, इसी दौरान संतोष नायक ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और विरोध करने पर गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उनके साथ हरि नायक, कृष्णा नायक और अन्य लोग भी मौजूद थे।
दूसरे पक्ष से चिकू नायक ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि जोधरा रोड स्थित निर्माणाधीन तहसील कार्यालय के पास जमीन विवाद को लेकर बिंदु जायसी, रामफल अंचल और अन्य लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया। आरोप हैकि हमलावरों ने ईंट, पत्थर और डंडों से मारपीट की, जिससे कई लोग घायल हुए और खून भी बहा। घटना के दौरान मौके पर अफरा तफरी मच गई और मौजूद अधिकारी व पुलिस कर्मी स्थिति संभालने में जुटे रहे। दोनों पक्षों की शिकायत पर पचपेड़ी पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओें में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







