जांजगीर-चांपा। चोरी की घटना को अंजाम देते हुए बिल्डर के घर से अज्ञात चोरों ने लाखों के गहने-जेवर को पार कर दिया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित आशीष गौरहा नैला के वार्ड नंबर 18 में निवास करता है। शनिवार की रात चोरी की घटना को चोरों ने अंजाम दिया है। पूरा परिवार शनिवार को अमरकंटक घूमने गया हुआ था। घूमने के बाद रात में परिवार के सभी सदस्य अपने पैतृक गांव मेहंदा में रुके हुए थे। सुबह सूचना मिली कि घर में चोरी हुई है। सूचना मिलते ही आशीष घर पहुंचा तो देखा मेन गेट में लगा ताला टूटा हुआ था। वहीं कमरे के अंदर अलमारी में रखा 12 तोला सोना, आधा किलो चांदी और पुराने जेवर जिसकी कीमत 10 लाख रुपए और 2 लाख रुपए नगदी गायब थे। इसके बाद उन्होंने चोरी की घटना की जानकारी सिटी कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को बिल्डर आशीष गौरहा के घर से 50 मीटर की दूरी पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे से एक फुटेज मिला है जिसमें एक सफेद रंग की स्कूटी में 3 लोग सवार हैं जो रात्रि में जाते हुए नजर आए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी का नंबर निकाला जा रहा है।







