बिलासपुर। चौकी बेलगहना पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति के कब्जे से 17 लाख 90 हजार रूपए नकद जप्त किए हैं। यह कार्रवाई धारा 106 बीएनएसएस के तहत की गई है। पुलिस अब जप्त रकम के स्त्रोत और उसके उपयोग को लेकर जांच में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 अप्रैल को चौकी बेलगहना पुलिस और एसीसीयू टीम अपराध विवेचना के सिलसिले में क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देशों पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की, जिसने अपना नाम पवन बजाज 35 वर्ष पिता अर्जुन बजाज निवासी कश्यप कॉलोनी पुराना बस स्टैंड थाना सिटी कोतवाली बिलासपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद दो सूटकेस और एक बैग में 10-20 और 50 रूपए के नोट कुल 81 बंडल बरामद हुए। गिनती करने पर कुल रकम 17,90,000 रूपए निकले। पुलिस ने उक्त रकम को संदिग्ध एवं किसी अपराध से संबंधित होने की आशंका के आधार पर जप्त कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी नकदी उसके पास कहां से आई और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। इस कार्रवाई में चौकी बेलगहना पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर टीम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







