बीजापुर । नक्सलियों के खिलाफ लगातार सुरक्षाबलों की तरफ से ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा के सीमावर्ती क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अब तक इस अभियान के दौरान नक्सिलयों के शीर्ष नेता बसव राजू समेत कुल 27 नक्सलियों के शव और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं।
अनुमान है कि अभियान के दौरान कई माओवादी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मुठभेड़ के दौरान नक्सली हमले का बहादुरी से मुकाबला करते हुए डीआरजी के एक जवान का बलिदान हो गया। मुठभेड़ में कुछ अन्य जवानों को इस ऑपरेशन के दौरान चोटें आई हैं। सभी घायल खतरे से बाहर हैं। सर्च अभियान लगातार जारी है। सुरक्षाबललों की इस सफलता पर पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने जवानों के पराक्रम की सराहना की है।
डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच करीब 50 घंटे से ज्यादा समय तक चली एनकाउंटर में डेढ़ करोड़ रुपये का इनामी 70 वर्षीय खूंखार नक्सली नंबाला केशव राव उर्फ अलियास बसवराजू मारा गया। इस बात की पुष्टि खुद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ पुलिस ने की है। उसके मारे जाने से नक्सली संगठन की नींव हिल गई है। नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है। इस खूंखार नक्सली पर सरकार ने 1.5 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
जानें कौन था बसव राजू- जानकारी के मुताबिक 2018 में बसव राजू को नक्सल संगठन की कमान सौंपी गई थी। बसव राजू का असली नाम नंबाला केशव राव है। उसे गगन्ना, प्रकाश और बीआर के नाम से भी जाना जाता है। उसके पिता का नाम वासुदेव राव है और वह काफी उम्रदराज है। उसकी उम्र करीब 75 साल के आसपास बताई जा रही है। उसने बीटेक की पढ़ाई की थी, वह आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम का रहने वाला था। वसव राजू खूंखार नक्सली था, वह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का सीनियर कैडर था और दक्षिण बस्तर डिवीजनल कमेटी का चीफ था। राजू छत्तीसगढ़, ओडिशा से लेकर आंध्र प्रदेश की सीमाओं पर सक्रिय था।
पीएम मोदी ने कहा- हमें अपने सैन्य बलों पर गर्व
नक्सली मुठभेड़ को लेकर सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्च 2026 तक देश-प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। नारायणपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस की डीआरजी यूनिट के द्वारा कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों के बावजूद, वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ इस निर्णायक अभियान को पूरी प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प के साथ पूरा किया जा रहा है। इसका परिणाम है कि अब तक 27 नक्सली मारे गए हैं, जिनमें कुख्यात नक्सल लीडर नंबाला केशव राव और अलियास बसवराजू के खात्मे की भी पुष्टि हुई है।







