बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम लारीपारा में दिनदहाड़े झपटमारी की घटना सामने आई है। अज्ञात बाइक सवार युवक ने किराना दुकान में पहुंचकर महिला दुकानदार के गले से सोने की माला झपट ली और मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 304 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लारीपारा छेरकाबांधा निवासी राम प्यारी साहू गांव में ही किराना दुकान संचालित करती है, जहां वह खाद्व सामग्री और सब्जी बेचने का काम करती है। घटना 27 मई 2026 की दोपहर करीब 2.19 बजे की बताई जा रही है। उस समय राम प्यारी अपनी दुकान में बैठी थी। तभी करीब 30 से 35 वर्ष का युवक हीरो डीलक्स बाइक से दुकान पहुंचा। युवक ने चेहरे पर बंदन रंग का गमछा बांध रखा था। आरोनी ने दुकान में पहुंचकर चाम्स सिगरेट और माचिस मांगी। महिला द्वारा सामान देने के बाद उसने 10 रूपए दिए, जिस पर दुकानदार ने 4 रूपए वापस काउंटर में रखे। इसी दौरान आरोपी ने अचानक महिला के गले से सोने की माला झपटकर खींच लिया। झपटमारी के दौरान माला का कुछ हिस्सा महिला के गले में फंस गया। आरोपी करीब 12 फर झपटकर बाइक से फरार हो गया।
महिला के अनुसार झपटकर ले जाई गई माला करीब 6 मासा सोने की थी, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार बताई जा रही है। घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी तेज से बाइक लेकर भाग निकला। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।







