बिलासपुर। थाना सकरी पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को महज कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी प्रकाश दास मानिकपुरी 38 वर्ष निवासी सकरी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 279/2025 धारा 64-2एम, 115-2 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार 13 मई 25 को पीड़िता ने सकरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी प्रकाश दास ने शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। पीड़िता ने एक पुत्र को जन्म दिया, जिसकी 12 दिन बाद बीमारी से मौत हो गई। इसके बावजूद आरोपी लगातार शारीरिक शोषण करता रहा और शादी की बात करने पर मारपीट करता था। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना सकरी में मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की घेराबंदी कर विधिवत गिरफ्तारी की गई। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रदीप आर्य, सउनि सुरेंद्र तिवारी, महिला प्रआर मालती तिवारी, आरक्षक सुमंत कश्यप एवं अमित पोर्ते का विशेष योगदान रहा।







