सीपत। ग्राम पंधी में मंगलवार को उस समय मातम छा गया, जब खेल खेल में एक 13 वर्षीय मासूम की जिंदगी थम गई। जानकारी के अनुसार मृतक आदित्य सूर्यवंशी पिता संजय सूर्यवंशी 13 वर्षै निवासी ग्राम पंधी अपने गांव में संजय मिश्रा के बाड़ा की बाउंड्रीवाल पर चढ़कर खेल रहा था। इसी दौरान खेलते खेलते वह रूपेश गिरी के मकान के पास 11केवी हाईवोल्टेज तार के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आने से आदित्य की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना का प्रत्यक्षदर्शी मृतक का छोटा भाई अंश सूर्यवंशी रहा। उसने बताया कि उसका बड़ा भाई बाउंड्रीवाल पर चढ़ा हुआ था, तभी बिजली तार के संपर्क में आने पर तेज झटका लगा और वह नीचे गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही सीपत थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का मुआयना किया। पुलिस ने तत्काल मर्ग इंटीमेशन दर्ज कर पंचनामा की कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से मौत के कारण की पुष्टि होगी, फिलहाल जांच जारी है। गांव में हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मासूम आदित्य की असमय मौत से परिवार सदमे में है।







