Home » देवकीरारी में युवक की संदिग्ध मौत… खेत के खार में मिला शव, महुआ शराब से जुड़ा मामला
छत्तीसगढ़

देवकीरारी में युवक की संदिग्ध मौत… खेत के खार में मिला शव, महुआ शराब से जुड़ा मामला

बिलासपुर। बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम देवकीरारी में शनिवार की सुबह एक युवक की लाश खेत के खार में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अशोक निषाद पिता नारायण निषाद 32 वर्ष निवासी देवकीरारी के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अशोक शुक्रवार शाम ग्राम उमरिया से पन्नी में कच्ची महुआ शराब लेकर लौटा था और किसी साथी के साथ खेत के खार में शराब पीने गया था। रात भर वह घर नहीं लौटा। जिसके बाद शनिवार सुबह करीब 10 बजे गांव वालों ने उसकी लाश खेत के खार में देखी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास से महुआ शराब की पन्नी बरामद की है। मृतक के शरीर पर कीचड़ के निशान थे। चेहरे पर हल्की खरोच थी। परिजनों ने बताया कि अशोक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वे यह नहीं जानते कि उसके साथ रात में कौन था। संदेह जताया जा रहा है कि शराब के नशे में अशोक खेत में गिरा होगा और वहीं उसने दम तोड़ दिया या फिर किसी विवाद के चलते हत्या की गई हो। पुलिस ने शव को मर्ग पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शनिवार दोपहर 1.30 बजे परिजनों को सौंप दिया गया। बिल्हा पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। ग्रामीण और परिजन पीएम रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि अशोक की मौत का रहस्य जान सकें।

Search

Archives