सीतापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चियों के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले मेें पीड़िताओं को परिजनों के साथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा उनका मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 24 अप्रैल को विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय से आने वाली चार नाबालिग बच्चियां पास की बस्ती में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। घर लौटने के दौरान आरोपियों ने उनमें से दो बच्चियों को निशाना बनाते हुए उनके साथ दुष्कर्म और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि दो अन्य बच्चियां किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर भागने में सफल रही।
घटना के दो दिन बाद पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िताओं की पहचान गोपनीय रखी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश और आगे की कार्रवाई जारी है। यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर रही हैै।







