Home » राजधानी में चाकूबाजी: पुरानी रंजिश में युवक की गला रेतकर हत्या… 2 नाबालिग सहित 4 गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

राजधानी में चाकूबाजी: पुरानी रंजिश में युवक की गला रेतकर हत्या… 2 नाबालिग सहित 4 गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 नाबालिग सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और बाइक भी जप्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल की रात करीब 11.20 बजे जोगीनगर बस्ती में कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान कुश बाघ को एक फोन कॉल आया, जिसे उसने नहीं उठाया। बाद में उसी नंबर से उसके साथी समीर के मोबाइल पर कॉल आने पर कुश बात करने के लिए अकेले मेन रोड की ओर चला गया। उसके पीछे उसके साथी भी पहुंचे। रात करीब 11.50 बजे धीरज बाघ उर्फ स्माटी अपने 3 साथियों के साथ स्कूटी से वहां पहुंचा। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने कुश बाघ के साथ गाली गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से कुश के गर्दन पर प्राणघातक हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक खून बहने लगा। बीच बचाव करने पहुंचे समीर पर भी आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।

घटना की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 242/2026 के तहत धारा 103, 109(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सिविल लाइन तेलीबांधा और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कुछ ही घंटों में आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में धीरज बाघ 19 वर्ष और राहुल गौधरे 20 वर्ष शामिल है। जबकि दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया है। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Search

Archives