बिलासपुर। थाना मस्तूरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लिमतरा भारतमाला रोड पर एक तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 125 ए एवं 281 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लिमतरा निवासी नंदकुमार राठौर ने थाना मस्तूरी मे रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका पुत्र रविशंकर राठौर, जिसका स्वयं का लिमतरा में च्वाइस सेंटर है। 3 फरवरी की सुबह करीब 5 बजे अपनी स्कूटी सीजी 10 बीएफ 0316 से गांव के खेत में ऑनलाइन कार्य हेतु फोटो खींचने गया हुआ था। इसी दौरान सुबह लगभग 6 बजे भानु प्रताप यादव ने फोन कर सूचना दी कि भारतमाला रोड लिमतरा पर कंटेनर सीजी 10 बीजेड 7706 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी। दुर्घटना में स्कूटी सवार रविशंकर राठौर के सिर, पैर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई, वहीं स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को उपचार के लिए लाइफ केयर अस्पताल तोरवा, बिलासपुर में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर कंटेनर चालक के विरूद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।







