सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए बदमाश
बिलासपुर। शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे दिनदहाड़े बंदूक अड़ाकर लूट का प्रयास किया गया। दुकान संचालक ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का सामना किया, जिससे घबराकर आरोपी बिना वारदात को अंजाम दिए फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार जबड़ापारा निवासी लखन लाल देवांगन पिता स्व उदय देवांगन 46 मिशन अस्पताल रोड स्थित लखीराम ऑडिटोरियम के सामने नीटस स्वीटस नाम से दुकान संचालित करता है। शुक्रवार की सुबह रोजाना की तरह अपनी दुकान की ओर स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान जबड़ापारा इलाके में तीन युवक बाइक से पहुंचे और उन्होंने लखनलाल को रोक लिया। आरोप है कि अचानक एक बदमाश ने दुकानदार पर बंदूक तान दी, जबकि दूसरे युवक के हाथ में भी बंदूक थी। तीसरे आरोपी गले से सोने की चेन लूटने का प्रयास किया और गोली मारने की धमकी दी। दुकानदार कुछ पल के लिए घबरा गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और जोर जोर से शोर मचाते हुए बदमाशों का विरोध किया। दुकानदार का शोर सुनकर आसपास के लोग निकलने लगे। इसी बीच घबराकर आरोपी बिना लूट किए ही मौके से फरार हो गए।
वारदात के दौरान सड़क पर सन्नाटा पसरा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियांं ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। जबकि दो आरोपी के पास बंदूक थे। पुलिस ने दुकानदार से आरोपियों का हुलिया और बाइक के संबंध में जानकारी ली। पुलिस आरोपियों की पतासाजी में जुट गई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।







