रायगढ़। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर रोक लगाने चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। तमनार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल में गांजा लेकर जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12.410 किलोग्राम गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 7 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 26 फरवरी 2026 की सुबह सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल में गांजा लेकर हमीरपुर, धौराभांठा, हुकराडीपा और कुंजेमुरा होते हुए पत्थलगांव की ओर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम के साथ बांधापाली पंडरी डबरी तालाब के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम सुरेन्द्र कुमार राजवाड़े उर्फ पिंटू (33 वर्ष), निवासी रफेली थाना दरिमा जिला सरगुजा तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम नरेश यादव (35 वर्ष), निवासी रतनपुर पाठीपारा थाना सीतापुर जिला सरगुजा बताया। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देकर तलाशी लेने पर उनके पास प्लास्टिक बोरी में अलग-अलग पैकेटों में रखा कुल 12.410 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत एक लाख 7 हजार रुपये है।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत करीब 27 हजार रुपये तथा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये है, जब्त किया। जब्त किए गए मादक पदार्थ और अन्य सामान को विधिवत जप्त कर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।







