बिलासपुर। केन्द्रीय जेल बिलासपुर से रविवार शाम एक विचाराधीन बंदी के फरार हो जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में जेल प्रहरी रोशन साहू की लिखित शिकायत पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी बंदी राजा गोंड के विरूद्ध धारा 262 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार 8 जून की शाम करीब 5 बजे केन्द्रीय जेल के अस्पताल वार्ड में बंद विचाराधीन आरोपी राजा गोड उर्फ उत्तम 22 वर्ष निवासी गतौरा थाना मस्तूरी जिला बिलासपुर वालगार्ड के उपर चढ़कर और जेल की दीवार का सहारा लेकर फरार हो गया। सबसे पहले इस घटना की जानकारी प्रहरी अश्विनी ध्रुव ने दी। जिन्होंने आरोपी को फरार होते हुए देखा।
सूचना मिलने के बाद जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी, सहायक जेल अधीक्षक कोकिला वर्मा तथा अष्टकोण अधिकारी अमितेष साहू तत्काल जेल गेट पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फरार बंदी राजा गोड के विरूद्ध पूर्व में धारा 331, 305 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज था। उक्त घटना के संबंध में थाना सिविल लाइन में प्रारंभिक जांच में धारा 262 बीएनएस के तहत अपराध घटित पाया गया और तत्काल मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार बंदी की तलाश में जुटी हुई थी। रविवार रात को पुलिस ने बंदी राजा के संबंध में मुखबिर से सूचना मिली। डॉयल 112 की टीम ने उसे धर दबोचा। अग्रिम कार्रवाई के लिए सिविल लाइन थाने को सौंपा गया।







