शादी का झांसा देकर की जाती थी ठगी, संचालक से पूछताछ जारी
रायगढ़। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दरोगापारा में संचालित निधि परिवहन सेवा केंद्र में पुलिस ने रेड कार्रवाई कर मेट्रिमोनियल साइट के जरिए लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
इस मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इलाके में फर्जी कॉल सेंटर की शिकायत के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शांति देवी सोसायटी एंड एजुकेशन और निधि परिवहन सेवा केंद्र में एक साथ रेड कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कॉल सेंटर में कार्यरत दर्जन भर से अधिक युवतियां मिलीं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां मेट्रिमोनियल साइट यानी मैरिज ब्यूरो के नाम पर पहले तो युवकों का रजिस्ट्रेशन किया जाता था फिर लड़कियों की तस्वीर दिखाकर उन्हें झांसे में लेते थे। इसके बाद कॉल सेंटर की युवतियों से फर्जी कॉल करवाकर ठगी को अंजाम दिया जाता था। पुलिस ने सेवा केंद्र के संचालक कपिल गर्ग, कॉल सेंटर में कॉल करने वाली कई युवतियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, साथ ही मौके से कई सरकारी विभागों के फर्जी सील बरामद किए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर गिरोह से जुड़े सभी आरोपियों की पतासाजी में जुटी हुई है।







