रायपुर। बुधवार दोपहर मौसम विभाग ने राजस्व एवं पुनर्वास विभाग को अगले 48 घंटों तक भारी बारिश का आरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। आरेंज अलर्ट के तहत कोरिया, एमसीबी, रायपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा जिलों में एक दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में भारी बारिश संभव है।
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और उसके आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही उपरी हवा का चक्रवात 5.8 किमी उंचाई तक फैला हुआ है। इसके धीरे धीरे पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए झारखंड की ओर बढ़ने की संभावना है। मानसून की द्रोणिका श्रीगंगानगर, रोहतक, कानपुर, वाराणसी, झारखंड कम दबाव केंद्र, दीघा से होते हुए दक्षिण पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक औसत समुद्र तल पर स्थित है। उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से झारखंड तक 1.5 किमी से 3.1 किमी की उंचाई पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। राज्य के अधिकांश स्थानों पर कल गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम वर्षा या बूंदाबांदी होने की संभावना है तथा एक दो स्थानों पर गरज और बिजली के साथ भ्सारी वर्षा होने की संभावना है।







