Home » अब हर सप्ताह एक थाना एक दिन के लिए बनेगा पुलिस कप्तान का कार्यालय
छत्तीसगढ़

अब हर सप्ताह एक थाना एक दिन के लिए बनेगा पुलिस कप्तान का कार्यालय

कबीरधाम । पुलिसिंग को आम लोगों के और करीब लाने के लिए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने नई पहल शुरू की है। अब लोगों को अपनी शिकायत लेकर हर बार जिला मुख्यालय स्थित एसपी कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

‘एक थाना-एक सप्ताह’ पहल के तहत हर सप्ताह जिले का एक थाना एक दिन के लिए पुलिस कप्तान का कार्यालय बनेगा। एसपी खुद पूरे दिन संबंधित थाने में मौजूद रहकर आम लोगों की शिकायतें सुनेंगे और क्षेत्र की पुलिसिंग की समीक्षा करेंगे।

इस अभिनव पहल की शुरुआत थाना सहसपुर लोहारा से हुई। एसपी ने थाने में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और आम नागरिकों से सीधे संवाद किया। लोगों की समस्याएं और सुझाव सुनने के साथ संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी संबंधित थाना क्षेत्र में अपराध की स्थिति, लंबित प्रकरण, वारंटियों की तामीली, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी लेंगे। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से सीधे फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।

Search