Home » व्यापार विहार में भीषण आगजनी, माचिस गोदाम में भड़की लपटों ने मचाई तबाही, करोड़ों का नुकसान
छत्तीसगढ़

व्यापार विहार में भीषण आगजनी, माचिस गोदाम में भड़की लपटों ने मचाई तबाही, करोड़ों का नुकसान

बिलासपुर। शहर के सबसे बड़े व्यापारिक केंद्र व्यापार विहार में गुरूवार तड़के एक भीषण आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 4 बजे के आसपास त्रिवेणी भ्ज्ञवन के सामने गली में स्थित तेऊमल पान मसाला दुकान के गोदाम में अचानक आग भड़क उठी।

बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में माचिस का स्टॉक रखा हुआ था। जिससे आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसकी लपटें दूर दूर तक दिखाई दे रही थी। तेज धुंए और आग की लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे आसपास के व्यापारियों और रहवासियों में अफरा तफरी मच गई। दुकान मालिक कैलाश सब्वानी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें हरकत में आई और तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। दमकल कर्मियों द्वारा लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस भीषण आगजनी में करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि ज्वलनशील सामग्री के चलते आग तेजी से फैली। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना ने पूरे व्यापार विहार क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

Search

Archives