Home » जन्माष्टमी कार्यक्रम में युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला, पत्नी से अवैध संबंध का था शक
छत्तीसगढ़

जन्माष्टमी कार्यक्रम में युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला, पत्नी से अवैध संबंध का था शक

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के वक्त मौके पर करीब 40 लोग मौजूद थे। आरोप है कि आरोपी ने पीछे से आकर युवक के सिर पर धारदार हथियार से लगातार तीन वार किए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मामले की सूचना मिलने के बाद गुढ़ियारी पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी सेवाराम साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में हमले की वजह पत्नी से अवैध संबंध होने का शक बताई गई है।

जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान हुआ हमला

गुढ़ियारी पुलिस के मुताबिक घटना 5 सितंबर की रात करीब 10.30 बजे की है। रानी वर्मा ने गुढ़ियारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के सामने जन्माष्टमी का कार्यक्रम देख रही थीं।

इसी दौरान उनके जेठ उमेन्द्र सिंह वर्मा घर के बाहर खड़ी बाइक को अंदर करने के लिए बाहर निकले। तभी विकास नगर निवासी सेवाराम साहू पीछे से वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर उमेन्द्र सिंह पर हमला कर दिया।

सिर पर चापड़ से किए तीन वार

पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की नीयत से उमेन्द्र सिंह के सिर के पीछे चापड़ से तीन बार वार किए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हमले में उमेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के समय बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे।

पत्नी से अवैध संबंध का था शक

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और सेवाराम साहू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसे शक था कि उमेन्द्र सिंह वर्मा के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। इसी शक के चलते उसने उमेन्द्र पर हमला किया।

पुलिस ने चापड़ किया जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चापड़ बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Search