बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगला शराब भट्ठी के सामने से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक से 4 आरोपियों ने मारपीट करते हुए नगदी और सोने की अंगूठी की लूट को अंजाम दिया। मामले में प्रार्थी की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी मनीष कुमार कश्यप अभिषेक विहार के सामने रहता है। जो निजी कोल फील्ड कंपनी में मैनेजर के रूप में काम करता है। जो शाम 4 बजे अपने काम से वापस घर लौट रहा था। तभी मंगला शराब दुकान के सामने 4 युवकों ने उसे रोका और मारपीट करने लगे। जिससे वह गाड़ी से नीचे गिर गया। उसके जेब से पर्स निकालकर 2 हजार नगद और हाथ से सोने की अंगूठी मूल्य 12 हजार लूटकर फरार हो गए। आरोपी मोनू गौतम, अमीर खान और उसके दो अन्य साथियों का नाम सामने आया है। पुलिस ने धारा 309 भादवि के तहत मामला दर्ज कर सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।







