Home » कोरबा : ठंड से बचने की कोशिश बनी काल, अलाव की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत
छत्तीसगढ़

कोरबा : ठंड से बचने की कोशिश बनी काल, अलाव की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कड़ाके की ठंड से राहत पाने के लिए अलाव जलाना दो परिवारों के लिए मातम में बदल गया। दो अलग-अलग आगजनी की घटनाओं में गंभीर रूप से झुलसी दो महिलाओं ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं, एक महिला को बचाने के प्रयास में एक युवक भी झुलस गया है।

पहली घटनाः लकवाग्रस्त वृद्धा की कमरे में मौत

करतला थाना क्षेत्र के रजगामार, आमादाड़ में रहने वाली 57 वर्षीय गुरुवारी बाई पिछले एक माह से लकवा (पैरालिसिस) से पीड़ित थीं। 12 जनवरी की शाम वह अपने कमरे में ठंड से बचने के लिए अलाव ताप रही थीं। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर आग की चपेट में आ गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण गुरुवार शाम उनकी मौत हो गई। मृतिका के परिजनों ने बताया कि शारीरिक रूप से अक्षम होने के कारण वह आग से खुद को बचा नहीं सकीं।

दूसरी घटनाः अलाव तापते समय साड़ी में लगी आग

दूसरी हृदय विदारक घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की इंदिरा नगर बस्ती में घटी। यहां 38 वर्षीय रूबी देवी 5 जनवरी को पड़ोसियों के साथ अलाव ताप रही थीं। अचानक उनकी साड़ी ने आग पकड़ ली और वह बुरी तरह झुलस गईं। उन्हें बचाने की कोशिश में 22 वर्षीय युवक जगदीश कुमार भी घायल हो गया। रूबी देवी का उपचार पहले स्थानीय केंद्र और फिर बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था, जहाँ 15 जनवरी (गुरुवार) को उन्होंने अंतिम सांस ली। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

0 पुलिस ने स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ठंड से बचने के लिए अलाव जलाते समय सूती कपड़ों का प्रयोग करें और बंद कमरे या ज्वलनशील पदार्थों के पास आग न जलाएं।

Search

Archives