Home » नियमों की अनदेखी कर शिक्षक को बना दिया सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी
छत्तीसगढ़

नियमों की अनदेखी कर शिक्षक को बना दिया सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी

जांजगीर चांपा । जिले के शिक्षा विभाग में एक बार फिर प्रशासनिक अनियमितताओं और मनमानी का मामला सामने आया है। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) द्वारा जारी एक आदेश ने पूरे तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नियम कायदों को दरकिनार करते हुए शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अमोरा में पदस्थ शिक्षक संजय सिंह राठौर को जिले के बम्हनीडीह विकासखंड का सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) बना दिया गया है।

कार्यालय जांजगीर-चांपा से जारी आदेश क्रमांक 2168/स्था.02/2026-27, दिनांक 28.04.2026 के अनुसार, शिक्षक संजय सिंह राठौर को विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बम्हनीडीह में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी के रिक्त पद पर पदस्थ किया गया है। आदेश में स्पष्ट रूप से उन्हें उक्त दायित्व सौंपने की बात कही गई है। जानकारों के अनुसार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) जैसे पदों पर नियुक्ति राज्य शासन स्तर से की जाती है। जिला स्तर के अधिकारी को इस प्रकार की सीधी नियुक्ति या पदस्थापना का अधिकार नहीं होता। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर किस आधार पर एक स्कूल में पदस्थ शिक्षक को सीधे ब्लॉक स्तर के प्रशासनिक पद पर बैठा दिया गया?

Search

Archives