गरियाबंद। आए दिन शिक्षक पति के द्वारा नशे में घर आकर पत्नी के साथ मारपीट व गाली-गलौज करने से तंग आकर पत्नी ने पति को मौत के घाट उतार दिया। घटना देवभोग थाना क्षेत्र का है।
देवभोग थाना प्रभारी गौतम चंद गावड़े ने बताया कि सनत सोनवानी पिता रामदास सोनवानी (47), खैरा तुलसी, थाना कुंडा जिला कवर्धा का निवासी था। सनत 2013 से देवभोग ब्लॉक में शिक्षक के रूप में पदस्थ था। शिक्षक सनत गिरसुल हाईस्कूल में अध्यापन कार्य करा रहा था। सोमवार देर रात सनत को उसके मकान मालिक और पत्नी की मदद से बेहोशी की हालत में देवभोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। इस दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शरीर के कुछ हिस्सों में चोट के निशान पाए जाने पर अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण मारपीट व गला दबाकर होना बताया गया।
0 पूछताछ में खुलासा
पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी सीता सोनवानी से पूछताछ शुरू की, तो मामले का खुलासा हुआ। सीता सोनवानी ने पुलिस को बताया कि पति आए दिन शराब के नशे में घर पहुंचता था। मारपीट, गाली-गलौज करता था। घटना के दिन भी शिक्षक सनत शराब के नशे में स्कूल पहुंचा था और छुट्टी के बाद स्कूल के कमरे में ही सो गया था। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब पति घर नहीं लौटा तो पत्नी मकान मालिक के सहयोग से पति को स्कूल से घर लेकर आई। घर आने के बाद फिर से गाली-गलौज करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान पत्नी को गुस्सा आया और बेलन से उसका गला दबा दिया, जिससे पति की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ कार्यवाही करते हुए 302 आईपीसी कायम कर जेल दाखिल करा दिया है।







