बिलासपुर। सेप्टिक टैंक में सफाई के दौरान मानव की अस्थियां मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस व फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने अस्थियों को जब्त कर लिया है। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक दो साल पहले बनाए गए सेप्टिक टैंक में करीब साल भर पुराना मानव अस्थियों का ढेर मिला है जिसमें हाथ-पैर, सिर के साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों की हड्डियां शामिल हैं। थाना प्रभारी पौरुष पुर्रे ने बताया कि सिरगिट्टी के भवानी नगर में सरोज कुमार साहू 45 पिता स्व.छेदीराम साहू अपनी जमीन पर मकान बनवा रहा है। करीब दो साल पहले उसने सैप्टिक टैंक बनाकर निर्माणाधीन मकान को छोड़ दिया था। इस दौरान निर्माणाधीन मकान का टैंक खुले में होने के कारण उसमें मिट्टी और रेत का मलबा आ गया था। सरोज कुमार बुधवार को उसकी सफाई करा रहे थे। इसी दौरान मानव अस्थि जिसमें हाथ-पैर, सिर के साथ ही शरीर के अन्य हिस्से की अस्थियां मिलने से कार्य कर रहे मजदूर के साथ ही अन्य लोग दहशत में आ गए। उन्होंने इस घटना की जानकारी सरोज साहू को दी। इसके बाद सरोज ने मानव अस्थि मिलने की खबर पुलिस को दी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम व फोरेंसिक एक्सपर्ट ने अस्थियों को इकट्ठा कर लिया है जिसे जांच के लिए भेज दिया है। टीआई श्री पुर्रे ने मानव अस्थि करीब साल भर पुराना होने की बात कही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।







