रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। आने वाले दिनों में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है, हालांकि बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के एक-दो इलाकों में अगले 2 दिनों तक ग्रीष्म लहर यानी हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश जरूर दर्ज की गई, लेकिन इसका असर गर्मी पर खास नहीं पड़ा।
अगर प्रमुख शहरों की बात करें तो राजनांदगांव में सबसे ज्यादा 44.5 डि.से. तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा रायपुर में 44 डि.से., दुर्ग में 43.6 डि.से., बिलासपुर में 43.4 डि.से.,और बेमेतरा में 43.1 डि.से. तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज हुआ।
मौसम की स्थिति को प्रभावित करने के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश से झारखंड और तटीय ओडिशा तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जिसकी वजह से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन रही है।







