बालोद। महाशिवरात्रि पर्व पर दूध समझकर कई लोगों ने भांग का सेवन कर लिया। इससे कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में 16 लोगों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को महाशिवरात्रि पर्व के दिन जयस्तंभ चौक के पास एक पान ठेले वाला प्रसाद के रूप में दूध में भांग मिलाकर वितरण कर रहा था। प्रसाद रूपी दूध को कई लोगों ने ग्रहण किया। इससे कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। छात्र तेजेश्वर कुमार साहू की मां ने बताया कि उनका बेटा महाशिवरात्रि के अवसर पर कार्यक्रम देखने शहर गया हुआ था और वापस लौटा तो साइकिल खड़ी करते ही वह गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया तो वहां और भी लोगों की भर्ती होने की सूचना मिली। बघमरा के चुन्नीलाल ने बताया कि उनका बेटा लीलाधर एक अधिकारी का गाड़ी चलाता है। काम से लौटते वक्त उन्होंने दूध में मिले भांग का सेवन किया और इसके बाद से उनकी तबीयत बिगड़ गई। जमरूवा से बालोद पहुंचे देव सिंह साहू की भी भांग मिले दूध के सेवन से स्वास्थ्य खराब हुआ तो उसे अस्पताल लाया गया बाद में परिजनों को फोन से सूचना दी गई। इसी तरह स्कूली छात्र, पुलिस कर्मी व पंचायत सचिव समेत 16 लोगों को अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां ईलाज जारी है। फिलहाल मामले में बालोद टीआई नवीन बोरकर ने बताया कि भांग मिले दूध के सेवन से कई लोगों की तबीयत बिगड़ी है। बयान लिया गया है, आगे की कार्यवाही जारी है।







