Home » बुजुर्ग महिला की गर्दन पर हंसिया रखकर नकदी और मोबाइल की लूट, बेटा-बहू को कमरे में किया बंद
छत्तीसगढ़

बुजुर्ग महिला की गर्दन पर हंसिया रखकर नकदी और मोबाइल की लूट, बेटा-बहू को कमरे में किया बंद

कोरबा। जिले के मोंगराबस्ती क्षेत्र में बीती रात नकाबपोश लुटेरों ने एक घर में घुसकर कट्टे या चाकू नहीं, बल्कि घर में ही रखे हंसिया की नोंक पर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात आरोपियों ने पहले परिजनों को कमरों में कैद किया और फिर बुजुर्ग महिला को जान से मारने की धमकी देकर लूटपाट की।

बाउंड्री लांघकर घुसे तीन लुटेरे पीड़िता सोनाबाई, जो भुसड़ीपारा मोंगराबस्ती स्कूल के पीछे रहती है, ने पुलिस को बताया कि घटना 20-21 जनवरी की दरम्यानी रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की है। तीन अज्ञात आरोपी मोटरसाइकिल से पहुंचे और घर के पीछे की बाउंड्री वॉल कूदकर अंदर दाखिल हुए। आरोपियों ने अपने चेहरे कपड़े से बांध रखे थे।

गर्दन पर रखा हंसिया शातिर लुटेरों ने सबसे पहले पीड़िता के बेटे और बहू के कमरे को बाहर से ताला लगा दिया, ताकि वे मदद के लिए बाहर न आ सकें। इसके बाद तीनों आरोपी सोनाबाई के कमरे में घुसे। आरोपियों ने वहां रखे हंसिया को उठाकर महिला की गर्दन पर टिका दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी महिला से लुटेरों ने मोबाइल फोन और पेटी में रखे 5500 रुपये नकद लूट लिए।

फरार होते समय बाहर से बंद किया दरवाजा

वारदात के बाद आरोपियों ने सोनाबाई को भी कमरे में बंद करने के उद्देश्य से बाहर से दरवाजा लगा दिया और अपनी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। महिला के चिल्लाने पर पड़ोसियों और परिजनों को घटना की जानकारी हुई।

पुलिस की जांच शुरू, संदेही हिरासत में

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5), 309(6), और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।

Search

Archives